सिंहस्थ कुंभ मेले के ध्वजारोहण समारोह के लिए राज्यपाल को आमंत्रण
मुंबई, 23 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के जल संसाधन एवं आपदा प्रबंधन मंत्री तथा सिंहस्थ कुंभ मेला प्रभारी गिरीश महाजन ने लोकभवन में राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा से मुलाकात की। उन्होंने राज्यपाल को 31 अक्टूबर को नासिक-त्र्यंबकेश्वर में राष्ट्रपति की उपस्थिति में आयोजित होने वाले सिंहस्थ कुंभ मेले के ध्वजारोहण समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
लोकभवन के प्रवक्ता के अनुसार इस मुलाकात के दौरान महाजन ने राज्यपाल को सिंहस्थ कुंभ मेले की तैयारियों और आयोजन की रूपरेखा की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नासिक और त्र्यंबकेश्वर देश के प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक तीर्थस्थलों में शामिल हैं। सिंहस्थ कुंभ मेला महाराष्ट्र की समृद्ध आध्यात्मिक परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक आस्था का प्रतीक है। इस महापर्व में देशभर से संत-महात्मा, विभिन्न अखाड़ों के साधु-संत और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।
महाजन ने कहा कि राज्य सरकार सिंहस्थ कुंभ मेले को भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए आधारभूत सुविधाओं के विकास, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित धार्मिक अनुभव उपलब्ध कराना है।
उन्होंने वर्ष 2015 में आयोजित सिंहस्थ कुंभ मेले का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले आयोजन के अनुभवों का उपयोग आगामी कुंभ मेले की तैयारियों को और प्रभावी बनाने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, व्यवस्थाओं के सुचारु संचालन और बेहतर नियोजन से जुड़े पिछले अनुभवों को आगामी आयोजन की तैयारियों में महत्वपूर्ण बताया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

