home page

टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में 12वां आरोपित गिरफ्तार

 | 

मुंबई, 30 अक्टूबर (हि.स.)। फिल्म टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में मुंबई पुलिस ने हरियाणा के सोनीपत में एक और आरोपित को गिरफ्तार किया है। सोनीपत के रोहाना गांव के रहने वाले अमन को इस मामले में 12वां आरोपी बताया जा रहा है। मुंबई पुलिस आरोपित को मुंबई लाने के लिए कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।

इस मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि उनकी टीम को जानकारी मिली थी कि इसी केस में गिरफ्तार आरोपी कुणाल ने अमन के बैंक खाते में 50 हजार रुपये ट्रांसफर किए थे। वित्तीय लेनदेन की जानकारी मिलने के बाद मुंबई पुलिस ने स्थानीय पुलिस की मदद से अमन को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया है कि रोहाना गांव के रहने वाले कुणाल ने अमन के खाते में 50 हजार रुपये भेजे गए थे। इसके अलावा, कुछ अन्य बैंक खातों से भी 5-5 हजार रुपये ट्रांसफर किए जाने की जानकारी मिली है। इस मामले में अब तक रोहाना गांव के चार युवकों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मुंबई पुलिस उसे आगे की पूछताछ के लिए मुंबई लाने की तैयारी में है। जांच अधिकारी उससे पैसों के लेनदेन और फायरिंग की घटना में उसकी कथित भूमिका को लेकर पूछताछ करेंगे।

वहीं, इस मामले में गिरफ्तार 11 अन्य आरोपितों को महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गनाइज्ड क्राइम एक्ट (एमसीओसीए) के तहत मुंबई की विशेष अदालत में पेश किया गया था और अदालत ने सभी आरोपितों को पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। इस मामले की गहन छानबीन जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव