home page

संजय राऊत हिंदुत्व का शिवधनुष संभालने की स्थिति में नहीं : नवनाथ बन

 | 

मुंबई, 09 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता नवनाथ बन ने बुधवार को शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता संजय राऊत पर निशाना साधते हुए कहा कि वह हिंदुत्व का शिवधनुष संभालने की स्थिति में नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राऊत अब कांग्रेस और राहुल गांधी के साथ खड़े हैं, इसलिए उन्हें हिंदुत्व और धनुष-बाण की विचारधारा पर बोलने का अधिकार नहीं है।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार परिषद में बन ने कहा कि धनुष-बाण को फ्रीज करना हिंदुत्व और बालासाहेब ठाकरे के विचारों को फ्रीज करने के समान है। उन्होंने आरोप लगाया कि 2019 से उद्धव ठाकरे गुट के जरिए हिंदुत्व के विचारों को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है।

नवनाथ बन ने कहा कि 2019 में शिवसेना और भाजपा ने गठबंधन में चुनाव लड़ा था और मतदाताओं ने गठबंधन को जनादेश दिया था। इसके बावजूद उद्धव ठाकरे कांग्रेस के साथ चले गए। उन्होंने दावा किया कि 2024 के चुनाव में महाराष्ट्र की जनता ने उद्धव ठाकरे गुट को नकार दिया और धनुष-बाण का चुनाव चिह्न असली शिवसेना तथा एकनाथ शिंदे को सौंप दिया।

भाजपा नेता ने संजय राऊत को हिंदुत्व पर टिप्पणी करने के बजाय अपनी पार्टी को बचाने पर ध्यान देने की सलाह दी।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव