home page

शरद पवार की सेहत में हो रहा सुधार, जल्द होंगे अस्पताल से डिस्चार्ज

 | 
शरद पवार की सेहत में हो रहा सुधार, जल्द होंगे अस्पताल से डिस्चार्ज


मुंबई, 05 नवंबर (हि.स.)। पूर्व केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) प्रमुख शरद पवार की सेहत में लगातार सुधार हो रहा है। उन्हें आज या कल मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल से छुट्टी मिलने की संभावना है। सांसद सुप्रिया सुले ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि शरद पवार का स्वास्थ्य स्थिर है और अस्पताल में उनके आगे के मेडिकल टेस्ट किए जा रहे हैं।

सुप्रिया सुले ने स्पष्ट किया कि शरद पवार को ब्रीच कैंडी अस्पताल में एहतियात के तौर पर आगे की जांच के लिए भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि चिंता की कोई बात नहीं है और उनकी तबीयत में सुधार हो रहा है।

गौरतलब है कि, शरद पवार को बुधवार को पुणे के रूबी हॉल क्लीनिक से छुट्टी दी गई थी। इसके बाद वह मुंबई के लिए रवाना हुए, जहां पहुंचने पर उन्हें आगे की चिकित्सकीय जांच के लिए ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया। शरद पवार को 2 नवंबर को खांसी और सीने में दर्द की शिकायत के बाद पुणे के रूबी हॉल क्लीनिक में भर्ती कराया गया था। दो दिनों तक उपचार और चिकित्सकीय निगरानी में रहने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी थी।

इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बुधवार को शरद पवार से फोन पर बातचीत कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी। प्रधानमंत्री ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए उन्हें पर्याप्त आराम करने की सलाह दी थी।

फिलहाल, शरद पवार का ब्रीच कैंडी अस्पताल में उपचार और जरूरी मेडिकल जांच जारी है। उनके समर्थक और पार्टी कार्यकर्ता उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार