home page

महाराष्ट्र में एससीआर की अवधि बढ़ी, अब 17 अगस्त तक करा सकेंगे पंजीकरण

 | 

मुंबई, 04 अगस्त (हि.स.)। चुनाव आयोग ने राज्य में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण(स्पेशल इंसेंटिव रिवीजन-एससीआर) कार्यक्रम की अवधि बढ़ा दी है। इससे वे नागरिक, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाया है या जिन्हें अपने विवरण में संशोधन कराना है, अब 17 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकेंगे।

चुनाव आयोग की ओर से मंगलवार को जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) का घर-घर सत्यापन अभियान अब 17 अगस्त तक जारी रहेगा। इसी दिन मतदान केंद्रों से संबंधित प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी। संशोधित कार्यक्रम के तहत 24 अगस्त 2026 को मतदाता सूची का प्रारूप (ड्राफ्ट) प्रकाशित किया जाएगा। इसके बाद 24 अगस्त से 23 सितंबर तक नागरिक सूची में नाम जोडऩे, हटाने अथवा संशोधन के लिए दावा एवं आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। आयोग के अनुसार, प्राप्त सभी दावों और आपत्तियों की जांच, सुनवाई तथा निस्तारण की प्रक्रिया 22 अक्टूबर तक पूरी कर ली जाएगी। इसके बाद आवश्यक संशोधन करने के पश्चात 27 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। चुनाव आयोग ने नागरिकों से अपील की है कि जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं है या जिन्हें अपने नाम, पते अथवा अन्य विवरण में संशोधन कराना है, वे बढ़ाई गई समय-सीमा का लाभ उठाते हुए निर्धारित अवधि के भीतर आवेदन करें। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि मतदाता सूची में नाम जोडऩे, हटाने या संशोधन के लिए आवेदन करते समय गलत जानकारी या झूठा घोषणा-पत्र देने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव