home page

योग्य वोटरों के अधिकारों की रक्षा के लिए एसआईआर जरुरी: देवेंद्र फडणवीस

 | 

मुंबई, 07 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को मतदाता सूची के ‘स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन’ (एसआईआर ) का बचाव करते हुए कहा कि यह प्रक्रिया योग्य मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए जरूरी है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची साफ, सटीक और भरोसेमंद होगी, तभी निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित किए जा सकते हैं।

देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को बताया कि एसआईआर का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी व्यक्ति के नाम पर कोई दूसरा व्यक्ति वोट न डाल सके। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या किसी अन्य व्यक्ति द्वारा आपके नाम पर वोट डाला जा सकता है या मृत मतदाताओं के नाम पर फर्जी मतदान हो सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा क्या कोई और आपके नाम पर वोट डाल रहा है? क्या मर चुके वोटरों के नाम पर फर्जी वोटिंग हो रही है? इन सबका एक ही जवाब है- एसआईआर। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को यह समझने की जरूरत है कि एसआईआर ऐसी गड़बडिय़ों को दूर करने में किस तरह मदद कर सकता है।

फडणवीस ने मतदाता सूची में डुप्लिकेट प्रविष्टियों और मृत लोगों के नाम बने रहने को चुनावी प्रक्रिया के लिए गंभीर चिंता बताया। ऐसी गड़बडिय़ों से योग्य नागरिकों के वोट का महत्व कम हो सकता है और लोकतांत्रिक प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। उन्होंने कहा कि एसआईआर के माध्यम से ऐसी प्रविष्टियों की पहचान कर मतदाता सूची को अधिक सटीक बनाया जा सकेगा। फडणवीस ने मतदाताओं से एसआईआर का समर्थन करने की अपील करते हुए कहा कि साफ मतदाता सूची का अर्थ निष्पक्ष चुनाव है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव