home page

जलगांव में एसबीआई बैंक लूटने वाले चार आरोपित गिरफ्तार

 | 

मुंबई, 01 नवंबर (हि.स.)। जलगांव जिले के भोकर गांव में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) की शाखा में दिनदहाड़े डकैती करने वाले चार आरोपितों को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले की छानबीन शनिपेठ पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।

इस घटना की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि जलगांव के भोकर गांव में एसबीआई की शाखा में अज्ञात लुटेरों ने शनिवार को दोपहर में बंदूक के बल पर लूट लिया था। जांच के दौरान पता चला कि लुटेरों ने 27 किलो सोना और करीब 12.5 लाख रुपये नकद लूट लिए थे। हालांकि, बैंक कर्मचारियों की सतर्कता, ग्रामीणों की बहादुरी और पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते चारों आरोपितों को लूट के माल समेत गिरफ्तार कर लिया गया है। इस वारदात का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि इसका कथित मास्टरमाइंड एक बर्खास्त पुलिस सब-इंस्पेक्टर निकला, जिसने जेल के भीतर से ही डकैती की पूरी साजिश रची थी।

जांच में पता चला कि आरोपित शंकर जसक वर्ष 2023 में जलगांव शहर के शनिपेठ पुलिस स्टेशन क्षेत्र में हुई एक बैंक डकैती के मामले में दोषी पाया गया था। इस मामले में विभागीय कार्रवाई के बाद उसे पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था। इसके बाद से वह जेल में बंद था। जेल में उसकी जान-पहचान हत्या जैसे गंभीर अपराधों के आरोपित गजानन पवार से हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और कथित तौर पर उन्होंने जेल के भीतर से ही एक और बैंक डकैती की योजना तैयार की थी। इस साजिश को अंजाम देने के लिए दोनों ने अपने दो अन्य साथियों अंकुश चव्हाण और श्रवण चव्हाण को भी शामिल किया। चारों ने मिलकर जलगांव तालुका के भोकर गांव स्थित एसबीआई शाखा को निशाना बनाया।

शनिवार दोपहर करीब 3 बजे चारों आरोपित बैंक में दाखिल हुए। उन्होंने हथियारों के दम पर कर्मचारियों को डराया और फायरिंग करते हुए सोना तथा नकदी लूट ली। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार होने लगे। लेकिन बैंक कर्मचारियों की सतर्कता से घटना की जानकारी जल्द ही गांव में फैल गई। इसके बाद स्थानीय ग्रामीणों ने लुटेरों का पीछा करना शुरू कर दिया। इसी दौरान एक आरोपित विदगांव के पास ग्रामीणों के हाथ लग गया। लोगों ने उसकी पिटाई करने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया। उस आरोपित की निशानदेही पर अन्य तीनों आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और लूट का माल भी बरामद कर लिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव