home page

लोकशाहीर अन्ना भाऊ साठे का स्मारक वंचितों के संघर्ष का बनेगा प्रतीक : मुख्यमंत्री

 | 

मुंबई, 31 जुलाई, (हि.स.)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को मुंबई में कहा कि घाटकोपर के चिरागनगर स्थित अन्ना भाऊ साठे के जन्मस्थान पर बनने वाला 'लोकशाहीर साहित्य रत्न अन्ना भाऊ साठे रिसर्च एंड ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट एवं स्मारक' वंचित, श्रमिक और हाशिए पर रहने वाले समाज के संघर्ष, आत्मसम्मान और सामाजिक परिवर्तन का जीवंत प्रतीक बनेगा।

फडणवीस ने कहा कि लोकशाहीर साहित्य रत्न अन्ना भाऊ साठे का साहित्य, विचार और सामाजिक कार्य केवल महाराष्ट्र तक सीमित नहीं हैं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए प्रेरणास्रोत हैं। वे आज चिरागनगर में स्लम पुनर्विकास प्राधिकरण (एसआरए) और बृहन्मुंबई नगर निगम की ओर से विकसित किए जाने वाले स्मारक एवं शोध संस्थान के प्रथम चरण के भूमिपूजन समारोह को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2016 में इस लंबे समय से लंबित परियोजना को मंजूरी दी गई थी। सरकार ने इसे निजी डेवलपर के बजाय एसआरए के माध्यम से विकसित करने का निर्णय लिया, जिससे परियोजना अधिक पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पूरी हो सकेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्मारक निर्माण के दौरान स्थानीय निवासियों के पुनर्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। सरकार किसी को बेघर कर स्मारक नहीं बनाएगी, बल्कि सभी पात्र नागरिकों को आवास उपलब्ध कराने के बाद ही परियोजना को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने इसे सामाजिक न्याय की वास्तविक भावना का उदाहरण बताया।

फडणवीस ने कहा कि अन्ना भाऊ साठे के साहित्य का 27 से अधिक भाषाओं में अनुवाद हो चुका है। उनके विचार रूसी, फ्रेंच और इतालवी जैसी अंतरराष्ट्रीय भाषाओं के माध्यम से विश्वभर में पहुंचे हैं। वर्ष 2022 में रूस की मॉस्को यूनिवर्सिटी में उनकी प्रतिमा का अनावरण किया गया, जो महाराष्ट्र के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिया कि स्मारक निर्माण कार्य में अनावश्यक देरी न हो और जुलाई 2029 तक इसे पूरा करने के लक्ष्य के साथ सभी विभाग समन्वय स्थापित कर कार्य करें। उन्होंने कहा कि स्मारक पूर्ण होने के बाद उसका उद्घाटन प्रधानमंत्री मोदी से कराने का प्रयास किया जाएगा।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, केंद्रीय सामाजिक न्याय राज्य मंत्री रामदास आठवले, कौशल विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशीष शेलार, सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट सहित कई जनप्रतिनिधि और अन्ना भाऊ साठे के परिजन उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव