बीमारी पर भी पीएम मोदी करते हैं राजनीति : संजय राऊत
मुंबई, 05 नवंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री व एनसीपी (एसपी) सुप्रीमों शरद पवार की तबीयत का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हालचाल पूछे जाने के बाद सियासत गरमा गई है। एनसीपी के एनडीए में शामिल होने की चर्चाओं के बीच शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राऊत ने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि वे किसी की बीमारी में भी राजनीति खेलते है।
शरद पवार मुंबई के ब्रीज कैंडी इसपताल में भर्ती हैं। बुधवार को उन्हे पुणे के रूबी अस्पताल से घर जाने की अनुमति दी गई थी। इस बीच प्रधानमंत्री मोदी ने फोन करके पवार की सेहत के बारे में पूछा था। पीएम मोदी ने कहा था कि आप अपनी सेहत का ध्यान रखें। सुप्रिया और मैं देश का ध्यान रखेंगे। आप जल्दी ठीक हों और हमारा मार्घदर्शन करें। इससे राजनीतिक चर्चा शुरू हो गई कि क्या शरद पवार एनडीए में शामिल होंगे।
संजय राऊत ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी किसी के बीमार होने पर भी पॉलिटिक्स करते हैं। वह संदेह पैदा करने का काम करते हैं। शरद पवार और लालू प्रसाद यादव देश के बड़े नेता हैं। फिर प्रधानमंत्री मोदी लालू प्रसाद यादव की सेहत के बारे में क्यों नहीं पूछते? प्रधानमंत्री को देश के सभी बड़े नेताओं के बारे में पूछना चाहिए। राऊत ने आरोप लगाया कि मोदी एक सुविधाजनक बीमारी की जांच कर रहे हैं और उसमें सुप्रिया सुले का नाम लेकर राजनीतिक गलतफहमी पैदा कर रहे हैं। मोदी चाहे जितनी भी बार पासा फेंकें, शरद पवार और उनकी पार्टी उनकी गलतियों का शिकार नहीं होगी।
राऊत ने फिर दावा किया है कि मोदी अप्रैल-मई में पद छोड़ देंगे। देवेंद्र फडणवीस को भी जाना होगा और उनके अपने लोग मोदी-शाह के खिलाफ खड़े होंगे। उन्होंने गोकुल में चार डायरेक्टरों की नियुक्ति को लेकर राज्य सरकार की आलोचना की। उन्होंने गोकुल को बचाने के लिए महाविकास आघाड़ी से एक साथ आने की अपील की और कहा कि बहुमत का अपमान और हारे हुए लोगों को सत्ता में बिठाना लोकतंत्र पर शिकंजा कसना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

