संभाजीनगर में दो वाहनों की टक्कर में तीन की मौत, एक घायल
मुंबई, 11 अक्टूबर (हि.स.)। संभाजीनगर जिले में बीती रात टेंपो और मोटरसाइकिल के बीच हुई टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई। घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे इलाज के लिए नजदीकी जिला सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इस घटना की छानबीन करमाड पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने रविवार को बताया कि इस हादसे में अक्षय बिजल सिंह राजपूत (28), अमोल अशोक औटे (32) और गोरख रावसाहेब म्हस्कर (28) की मौत हो गई , जबकि शुभम अधाने (20) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चारों युवक संभाजीनगर जिले के गोलेगांव गदाना गांव के निवासी थे।
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय नागरिक मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद की। सूचना मिलने पर करमाड पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। फरार टेंपो चालक की तलाश की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

