home page

सचिन अहीर के घर से २.६५ करोड़ की चोरी करने के आरोप में घरेलू कर्मचारी गिरफ्तार

 | 

मुंबई, २४ जुलाई, (हि.स.)। महाराष्ट्र विधान परिषद के उपसभापति और शिवसेना नेता सचिन अहीर के वर्ली स्थित आवास से करीब २.६५ करोड़ रुपये के सोने-हीरे के आभूषण, चांदी के सामान और नकदी चोरी होने के मामले में मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक घरेलू कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। इस मामले की जांच मुंबई पुलिस कर रही है।

इस मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपित प्रवीण सोलंकी (४५) पिछले लगभग २० वर्षों से अहीर परिवार के यहां घरेलू कर्मचारी के रूप में कार्यरत था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोरी की वारदात एक ही बार में नहीं, बल्कि पिछले करीब तीन से पांच वर्षों के दौरान धीरे-धीरे की गई। मामले का खुलासा परिवार द्वारा कीमती सामान का सत्यापन करने के दौरान हुआ, जिसके बाद शिकायत दर्ज कराई गई।

जांच में पता चला कि अहीर के घर पर कुल चार घरेलू कर्मचारी कार्यरत थे। इनमें से प्रवीण सोलंकी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य तीन कर्मचारी फरार बताए जा रहे हैं। उनकी तलाश के लिए मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम छापेमारी कर रही है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव