शिवसेना यूबीटी के सचिन अहीर ने पार्टी के सभी पदों से दिया इस्तीफा,विधान परिषद उप सभापति पद के लिए भरा नामांकन
मुंबई, 30 जून (हि.स.)। शिवसेना यूबीटी के नेता सचिन अहीर ने मंगलवार को पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया और विधान परिषद के उपसभापति पद के लिए नामांकन भरा है। इससे शिवसेना यूबीटी में से एक और विधायक के टूट कर शिंदे समूह की शिवसेना में शामिल होने की संभावना बढ़ गई है।
शिवसेना यूबीटी के नेता सचिन अहीर ने आज सुबह पार्टी के सभी पदों सहित कामगार सेना के पदों से इस्तीफा दिया। इसके बाद सचिन अहीर विधान परिषद में पहुंचे और विधान परिषद के उपसभापति पद के लिए अपना नामांकन भरा। इस मौके पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उप मुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार, मंत्री चंद्रकांत पाटिल, मंत्री संजय शिरसाट, विधानपरिषद के सदस्य कृपाल तुमाने, मनीषा कायंडे, दुष्यंत चतुर्वेदी, चंद्रकांत रघुवंशी और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
सचिन अहीर ने नामांकन भरने के बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि मुझे किसी का समर्थन नहीं है। लेकिन मेरे क्षेत्र के लोगों का काम होने के लिए उन्हें यह निर्णय लेना पड़ रहा है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि यह शिवसेना यूबीटी के लिए झटके का ही दिन है। इससे अधिक कहने की जरुरत नहीं है।
उल्लेखनीय है कि सचिन अहीर अगर पार्टी बदलते हैं तो उन पर कार्रवाई की संभावना बहुत ही कम है। इसका कारण अहीर २०२२ से पहले ही विधान परिषद के सदस्य हैं, उस समय दोनों शिवसेना एक ही थीं। इसलिए अहीर की विधान परिषद सदस्यता अबाधित रहने की चर्चा हो रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

