home page

आरआरपी डिफेंस भारत का इजरायली कंपनी से करार

 | 
आरआरपी डिफेंस भारत का इजरायली कंपनी से करार


मुंबई, 01 सितंबर (हि.स.)। भारत के रक्षा निर्माण क्षेत्र को नई मजबूती देने की दिशा में आरआरपी डिफेंस लिमिटेड ने इजरायल की इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल ऑब्जर्वेशन सिस्टम डेवलपर ईएससी बीएजेड के साथ रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की है। इस साझेदारी के तहत ईएससी बीएजेड की उन्नत ‘डायमंड - यूनिक ऑब्जर्वेशन सिस्टम’ को भारतीय बाजार में लाने और आगे भारत में इसके निर्माण की दिशा में काम किया जाएगा।

आरआरपी डिफेंस लिमिटेड के प्रवक्ता ने बताया कि ‘डायमंड’ एक नेक्स्ट-जेनरेशन एआई संचालित इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल सर्विलांस सिस्टम है। यह प्रणाली बेहद कम रोशनी और अंधेरे परिस्थितियों में भी स्पष्ट दृश्य उपलब्ध कराने के लिए डिजाइन की गई है। इस तकनीक से हाई-रिजॉल्यूशन के साथ वाइड-एंगल निगरानी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता की मदद से संभावित खतरों और घुसपैठ की पहचान में मदद, अलग-अलग मौसम और रोशनी की परिस्थितियों में निगरानी के लिए उपयोग और सीमा सुरक्षा, सैन्य प्रतिष्ठानों, महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे और निगरानी टावरों पर इस्तेमाल की संभावना है। वैश्विक मिलिट्री ईओ/आईआर सर्विलांस टेक्नोलॉजी बाजार का आकार 2025 तक करीब 11.1 अरब डॉलर आंका गया है। भारत में भी इस क्षेत्र में निगरानी और सुरक्षा प्रणालियों की मांग लगातार बढ़ रही है। कंपनी का मानना है कि ‘डायमंड’ तकनीक उसके नए बिजनेस सेगमेंट के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है और भविष्य में इसमें करीब 30 फीसदी राजस्व योगदान की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव