मुंबई उपनगर में 29 सितंबर को 18 स्थानों पर रोजगार मेले
मुंबई, 12 सितंबर (हि.स.)। ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय रोजगार महाकुंभ-महाराष्ट्र’ के तहत 29 सितंबर को मुंबई उपनगर जिले में 18 स्थानों पर रोजगार मेले आयोजित किए जाएंगे। राज्य सरकार ने जिले के युवाओं, उद्यमियों और रोजगार उपलब्ध कराने वाली कंपनियों से इन मेलों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।
मुंबई उपनगर के कलेक्टर सौरभ कटियार ने शनिवार को बताया कि ‘रोजगार महाकुंभ’ कौशल, रोजगार, उद्यमिता एवं नवाचार विभाग की व्यापक पहल है। इसका उद्देश्य युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार, कौशल विकास और उद्यमिता के अधिक अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने जिले के युवाओं से अपनी शैक्षणिक योग्यता, कौशल और रुचि के अनुरूप उपलब्ध रोजगार अवसरों का लाभ उठाने की अपील की।
कलेक्टर ने जिले की औद्योगिक इकाइयों और कंपनियों से अपनी रिक्तियों को पंजीकृत कर रोजगार महाकुंभ में सक्रिय रूप से भाग लेने का आग्रह किया।
जिला प्रशासन के अनुसार, जिले में रोजगार मेले लालजी मेहरोत्रा टेक्निकल इंस्टीट्यूट, जोगेश्वरी पूर्व; एआईसीएमईयू प्राइवेट आईटीआई, ट्रॉम्बे-मानखुर्द पूर्व; द चिल्ड्रन एड सोसाइटी आईटीआई, मानखुर्द पूर्व; सैपियो एनालिटिक्स, बांद्रा पश्चिम; नवजीवन पॉलिटेक्निक, भांडुप पश्चिम; सोबती फाउंडेशन मुंबई, इंदिरानगर, कांजुरमार्ग पूर्व; क्यूओएसटेक, बोरीवली पश्चिम; सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, बोरीवली-कांदिवली पश्चिम; ठाकुर स्पेशलाइज्ड डिग्री कॉलेज, कांदिवली पश्चिम; के. जे. सोमैया पॉलिटेक्निक, विद्याविहार पूर्व सहित अन्य स्थानों पर आयोजित किए जाएंगे।
इसके अलावा श्री नारायण गुरु कॉलेज ऑफ कॉमर्स, चेंबूर पश्चिम; असोर्ट 1 कॉर्प सर्विसेज लिमिटेड, खैरानी रोड, साकीनाका; बॉम्बे स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन, अंधेरी पूर्व; एलए टेक्नोलॉजीज, कलेक्टर कार्यालय के पास, बांद्रा पूर्व; उषा मित्तल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, सांताक्रूज पश्चिम और श्रीमती पी. एन. दोशी महिला महाविद्यालय, कामा लेन, घाटकोपर पश्चिम में भी रोजगार मेले आयोजित किए जाएंगे।
रोजगार मेलों से संबंधित जानकारी और पंजीकरण के लिए जिला कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है। मुंबई उपनगर जिले के जिला कौशल विकास, रोजगार एवं उद्यमिता मार्गदर्शन केंद्र के सहायक आयुक्त शैलेंद्र भगत ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे मेले में शामिल होते समय अपने शैक्षणिक प्रमाणपत्रों और अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचें।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

