मुख्यमंत्री 29 सितंबर को ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय रोजगार महाकुंभ’ का करेंगे उद्घाटन : मंगलप्रभात लोढ़ा
मुंबई, 27 सितंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के कौशल, रोजगार, उद्यमिता एवं नवप्रवर्तन मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा ने रविवार को मुंबई में कहा कि ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय विश्वविक्रमी रोजगार महाकुंभ महाराष्ट्र’ का राज्यस्तरीय उद्घाटन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस मंगलवार, 29 सितंबर को करेंगे।
मंत्री लोढ़ा ने कहा कि राज्य के युवाओं को सीधे रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से होने वाला यह कार्यक्रम श्रीमती नाथीबाई दामोदर ठाकरे महिला विश्वविद्यालय, चर्चगेट में किया जाएगा। इसी दिन कोंकण और नासिक संभाग में भी रोजगार मेलों का आयोजन होगा।
उन्होंने पत्रकारों को बताया कि इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजीत पवार, विधानसभा अध्यक्ष एडवोकेट राहुल नार्वेकर, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटिल, कौशल, रोजगार, उद्योग मंत्री उदय सामंत, मंत्री जयकुमार रावल, मंत्री आकाश फुंडकर, सांसद मिलिंद देवड़ा, सांसद अरविंद सावंत, महापौर ऋतु तावड़े, बृहन्मुंबई महानगरपालिका आयुक्त अश्विनी भिडे सहित विभिन्न वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे।
लोढ़ा ने बताया कि इस पहल के तहत कोंकण और नासिक संभाग के विभिन्न जिलों में अब तक 418 से अधिक रोजगार मेलों का आयोजन किया जा चुका है। इसमें मुंबई शहर, मुंबई उपनगर, कोंकण संभाग के ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग तथा नासिक क्षेत्र के जिले शामिल हैं। इन रोजगार मेलों के माध्यम से स्थानीय स्तर पर 25,000 से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।
रोजगार महाकुंभ में 1,500 से अधिक कंपनियां और प्रतिष्ठान भाग लेंगे। उम्मीदवारों की शैक्षणिक योग्यता, कौशल और अनुभव को उपलब्ध रिक्तियों से जोडऩे के लिए ‘कैंडिडेट-वैकेंसी मैचिंग’ की व्यवस्था की जाएगी। इससे युवाओं को उद्योगों की मानव संसाधन संबंधी आवश्यकताओं, अपेक्षित कौशल, विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध करियर विकल्पों और प्रत्यक्ष रोजगार के अवसरों की जानकारी मिल सकेगी। वहीं, कंपनियों को अपनी जरूरत के अनुसार योग्य मानव संसाधन चुनने में सहायता मिलेगी। उम्मीदवारों को साक्षात्कार के लिए तैयार करने के उद्देश्य से कम्युनिकेशन स्किल्स, पर्सनैलिटी डेवलपमेंट और सॉफ्ट स्किल्स में प्री-प्लेसमेंट प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
रोजगार महाकुंभ के तहत एसएनडीटी महिला विश्वविद्यालय में ‘लडक़ी वाहिनी’ के लिए विशेष रोजगार मेले का आयोजन किया गया है। इसमें करीब 600 से 700 महिला उम्मीदवारों के भाग लेने की संभावना है। मेले में विभिन्न कंपनियों के स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां महिला उम्मीदवारों को उपलब्ध पदों, आवश्यक शैक्षणिक योग्यता, काम की प्रकृति, वेतनमान और भर्ती प्रक्रिया की प्रत्यक्ष जानकारी मिलेगी। उम्मीदवारों को कंपनी प्रतिनिधियों से बातचीत करने के साथ ही मौके पर साक्षात्कार देने का अवसर भी मिलेगी। इस विशेष रोजगार मेले का उद्देश्य महिलाओं के कौशल को रोजगार के अवसरों से जोड़ते हुए उनकी आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

