राकांपा विधायक रोहित पवार का आंदोलन राजनीतिक स्टंट: भाजपा
मुंबई, 05 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के पुणे में पिछले पांच दिनों से विधायक रोहित पवार के नेतृत्व में चल रहे प्रदर्शन को भाजपा ने राजनीतिक स्टंट बताया है। भाजपा के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता नवनाथ बन ने सोमवार को आरोप लगाया कि प्रदर्शन में करीब 80 प्रतिशत राजनीतिक कार्यकर्ता शामिल हैं।
बन भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि शुरुआती चार दिनों में रोहित पवार के आंदोलन में छात्रों की भागीदारी नहीं थी। इसके बाद उन्होंने पुणे के बाहर अपने और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को बुलाया। इनमें बारामती एग्रो एंड शुगर फैक्टरी के कर्मचारियों के भी शामिल होने का उन्होंने दावा किया। बन के अनुसार, करीब 200 से 250 वाहनों में राजनीतिक दलों के झंडे और स्टिकर लगाकर कार्यकर्ताओं को प्रदर्शन स्थल पर लाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह भीड़ पैसे देकर जुटाई गई है।
उन्होंने कहा कि रोहित पवार अब एमपीएससी अध्यक्ष विवेक भीमनवार को हटाने की मांग कर रहे हैं, जबकि पेपर लीक की घटना उनके कार्यकाल में नहीं हुई थी। मामले में छह लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है और जिस सचिव के तबादले की मांग थी, वह भी पूरी हो गई है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों से मुलाकात कर उनकी मांगों पर चर्चा की है।
उल्लेखनीय है कि रोहित पवार पुणे में एमपीएससी परीक्षा में पेपर लीक मुद्दे पर आंदोलन कर रहे हैं और उनकी मांग एमपीएससी आयोग के अध्यक्ष को हटाने जाने की है। बन के व्यक्तव्य पर रोहित पवार ने कहा कि सरकार को आंदोलन को देखते हुए कार्रवाई करनी चाहिए, जबकि सरकार की ओर से अर्नगल बयानबाजी की जा रही है। इसका जवाब देना वे उचित नहीं समझते।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

