अजीत पवार विमान हादसे की जांच के लिए मुख्यमंत्री फडणवीस से मिले रोहित पवार
मुंबई, 27 फरवरी (हि.स.)। पूर्व उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के विमान हादसे की जांच के लिए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा एसपी) के विधायक रोहित पवार ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की। उन्हाेंने जांच के लिए एक ज्ञापन और इस संबंध में कई कागज मुख्यमंत्री को सौंपे। इससे पहले रोहित पवार ने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे से मुलाकात की थी।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद रोहित पवार ने पत्रकारों को बताया कि मुख्यमंत्री फडणवीस के साथ उनकी करीब 20 मिनट तक चर्चा हुई है। रोहित पवार ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री फडणवीस से अजीत पवार के विमान हादसे की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की और इससे संबंधित कागजपत्र मुख्यमंत्री को सौंपे हैं। इसी दौरान देवगिरी बंगले में अजीत पवार के लिए एक स्मारक बनाने की और बारामती एयरपोर्ट का नाम अजीत पवार के नाम पर रखने की भी मांग की। रोहित पवार ने कहा कि मुख्यमंत्री ने उनकी बात ध्यान से सुना और आवश्यक कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया है।
रोहित पवार इससे पहले मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे से मुलाकात की थी और उन्हें अजीत पवार विमान हादसे से जुड़े कागजपत्र दिखाए। इस मुलाकात के बाद राज ठाकरे ने कहा कि रोहित पवार की बातों में तथ्य है। अजीत पवार की विमान हादसे में मौत कोहरे की वजह से हुई या धोखे से हुई, इसकी छानबीन जरुरी है। राज ठाकरे ने कहा रोहित पवार ने तीन बार इस संबंध में एफआईआर दर्ज करवाने का प्रयास किया, लेकिन उनका एफआईआर दर्ज नहीं किया गया, इससे शंका को बल मिल रहा है। राज ठाकरे ने कहा कि इस मामले की गंभीरता से जांच होनी चाहिए।
उल्लेखनीय है कि पूर्व उपमुख्यमंत्री अजीत पवार की बारामती में २८ जनवरी को विमान हादसे में मौत हो गई थी। इसके बाद इस मामले की जांच की जा रही है। राज्य सरकार ने इस मामले की छानबीन के लिए केंद्रीय गृहमंत्री को पत्र लिखा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

