महाराष्ट्र में रिक्शा लाइसेंस का री-इंस्पेक्शन किया जाएगा: प्रताप सरनाईक
मुंबई, 02 अप्रैल (हि.स.)। परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने गुरुवार को कहा कि महाराष्ट्र में रिक्शा लाइसेंस और बैच डिस्ट्रीब्यूशन का पूरा री-इंस्पेक्शन किया जाएगा और इसकी रिपोर्ट 1 मई तक उनके पास प्रस्तुत की जाएगी। इसके बाद इस रिपोर्ट पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। यह काम मीरा-भायंदर म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन इलाके से शुरु किया जाएगा और आवश्यक कार्यबल अधिकारियों को उपलब्ध करवाया जाएगा।
परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक गुरुवार को बांद्रा में स्थित जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित परिवहन विभाग के अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। इस बैठक में भाजपा विधायक नरेंद्र मेहता ने कहा कि मीरा -भायंदर इलाके मेंफर्जीप्रमाणपत्र के माध्यम से बहुत से विदेशी नागरिकों को रिक्शा लाइसेंस और बैच जारी किए जा रहे हैं। परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने कहा, लाइसेंस जारी करने का प्रोसेस ऑनलाइन है, लेकिन शिकायतें आ रही हैं कि फर्जी डॉक्यूमेंट्स के आधार पर लाइसेंस जारी किए जा रहे हैं। इस मामले में, मीरा-भायंदर म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन एरिया में कुछ विदेशी नागरिकों द्वारा रेजिडेंस सर्टिफिकेट लेकर रिक्शा और टैक्सी लाइसेंस लेने की घटना की पूरी जांच की जाएगी। सभी रीजनल ट्रांसपोर्ट ऑफिस को पिछले कुछ सालों में जारी किए गए लाइसेंस की जांच करने का निर्देश देते हुए, ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर प्रताप सरनाईक ने कहा कि यह कैंपेन मीरा-भायंदर म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन एरिया से शुरू किया जाएगा। मीरा-भायंदर एरिया में सभी रिक्शा लाइसेंस की अच्छी तरह से जांच करने के लिए एक खास कैंप चलाया जाएगा और हर डॉक्यूमेंट की जांच के लिए एक महीने का स्पेशल कैंप लगाया जाएगा। सरनाईक ने कहा कि जरूरत के हिसाब से अधिकारियों और कर्मचारियों को तैनात करने के भी आदेश दिए गए हैं।
इस बैठक में परिवहन विभाग के आयुक्त राजेश नार्वेकर, अतिरिक्त आयुक्त भरत कलास्कर, उपसचिव चेतन निकम और राज्य भर के परिवहन अधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

