home page

संभाजीनगर में नौकरी का लालच देकर धर्म परिवर्तन कराने वाले पांच लोगों पर मामला दर्ज

 | 

मुंबई, 06 सितंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के संभाजी नगर जिले के वैजापुर तहसील के बोरसर में स्थित शांतिसदन प्राइमरी स्कूल में शिक्षक के तौर पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर धर्म परिवर्तन करवाने वाले पांच आरोपितों के खिलाफ वीरगांव पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। इस मामले की गहन छानबीन वीरगांव पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।

इस मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने रविवार को बताया कि इस मामले में आरोपितों की पहचान सुदाम उबाले (निवासी मालीघोगरगांव), फादर जेरोल्ड रेबेलो (निवासी बोरसर, मूल निवासी वसई, मुंबई), फादर आशीष म्हस्के (निवासी मालीघोगरगांव), संजय रूपेकर (निवासी सेंट थॉमस चर्च, सेवन हिल, छत्रपति संभाजीनगर) और विनोद शेल्के (निवासी जामगांव, तालुका गंगापुर, मूल निवासी संगमनेर) के रुप में की गई है।

इस मामले में 2024 से 4 जुलाई 2026 के बीच बोरसर और मालीघोगरगांव में संदिग्ध आरोपितों ने शिकायत करने वाले और उसकी पत्नी को स्कूल में टीचर के तौर पर नौकरी के लिए धर्म बदलने की शर्त रखी थी। नौकरी की उम्मीद में दोनों ने धर्म परिवर्तन कर लिया। इसके बाद भी उन्हें करीब दो वर्षों तक बिना वेतन के काम करने के लिए मजबूर किया गया और स्थायी नौकरी नहीं दी गई। करीब दो साल बाद नौकरी बनाए रखने के लिए दंपती से पांच लाख रुपये की मांग की गई।

शिकायतकर्ता ने ब्याज पर पैसे लेकर कथित तौर पर यह रकम जमा की, लेकिन रकम देने के बाद भी नौकरी को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद कथित तौर पर दंपती के बच्चों का भी धर्म परिवर्तन कराने की शर्त रखी गई। लगातार सामने आ रही इन शर्तों से परेशान होकर शिकायतकर्ता करीब 15 दिन पहले घर छोडक़र चला गया। परिजनों ने पुलिस की मदद से उसे तलाश कर वापस लाया। इसके बाद परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराने का फैसला किया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर धर्मगुरु समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव