home page

रिक्रूटमेंट परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए हाई-लेवल कमेटी गठित होगी : फडणवीस

 | 

मुंबई, 12 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने बुधवार को कहा कि महाराष्ट्र में विभिन्न सरकारी सेवाओं की भर्ती परीक्षाओं को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और एकरूप बनाने के लिए राज्य सरकार हाई-लेवल कमेटी गठित करेगी।

मुख्यमंत्री फडणवीस ने बुधवार को वर्षा निवास पर अधिकारियों की एक बैठक ली थी, उसी बैठक में यह निर्णय लिया है। इस बैठक में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी मौजूद थे और उन्होंने परीक्षा प्रणाली में सुधार को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इस हाई-लेवल कमेटी की अध्यक्षता सामान्य प्रशासन विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव वी. राधा करेंगी।

कमेटी में पुलिस महानिदेशक सदानंद दाते, सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव वीरेंद्र सिंह, पशुसंवर्धन विभाग के सचिव डॉ. एन. रामास्वामी और नासिक के विभागीय आयुक्त प्रवीण गेडाम शामिल होंगे। कमेटी राज्य के प्रत्येक राजस्व विभाग का दौरा कर विद्यार्थियों, शैक्षणिक संस्थानों के संचालकों और परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े अन्य पक्षों से संवाद करेगी। उनके सुझाव और अनुभव जानने के बाद कमेटी परीक्षा प्रणाली में आवश्यक बड़े सुधारों को लेकर अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपेगी। इसके आधार पर राज्य के लिए एक व्यापक नीति तैयार की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र सरकार ने हाल ही में पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ी को रोकने के लिए कड़ा कानून बनाया है। महाराष्ट्र में भी इस संबंध में कानून लागू है, लेकिन केंद्र के कानून में अधिक कठोर प्रावधान होने के कारण उसे राज्य में लागू करने की प्रक्रिया अगले दो सप्ताह में पूरी की जानी चाहिए। उन्होंने राज्य में कम से कम 25 हजार सुरक्षित परीक्षा कक्ष तैयार करने के निर्देश भी दिए। बैठक में विभिन्न भर्ती परीक्षाओं के दौरान जिला कलेक्टर, पुलिस आयुक्त, पुलिस अधीक्षक और शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय, अन्य देशों में अपनाई जाने वाली परीक्षा पद्धतियां, मौजूदा व्यवस्था तथा उसमें किए जा सकने वाले संभावित सुधारों सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में महाराष्ट्र के मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल सहित राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव