संजय राऊत पुरानी गलत तस्वीरें दिखाकर झूठ बोलना बंद करें : भाजपा
मुंबई, 14 अप्रैल (हि.स.)। महाराष्ट्र भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता नवनाथ बन ने मंगलवार को कहा शिवसेना यूबीटी के नेता संजय राऊत को पुरानी तस्वीरें दिखाकर झूठ बोलना बंद कर देना चाहिए। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में गढ़चिरौली जैसे नक्सल ग्रस्त जिले का सर्वांगीण विकास हो रहा है, इसलिए राऊत अनायास भ्रम फैलाना बंद करें।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता बन ने पत्रकारों को बताया कि संजय राऊत ने गढ़चिरौली जिले के एटापल्ली में खदानों के कारण प्रदूषण होने की शिकायत सीधे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से करते समय संजय राऊत ने करीब तीन साल पुरानी और वह भी गलत तस्वीरें संलग्न की है। उन्होंने कहा कि यह प्रदूषण नहीं, बल्कि मिट्टी में अधिक लौह (आयरन) की मात्रा होने के कारण ऐसा दृश्य दिखाई देता है। बन ने इन खदानों की नई तस्वीर पत्रकारों को दिखाया। उन्होंने कहा कि अगर अध्ययन नहीं करना है तो मत कीजिए, लेकिन कम से कम झूठ तो मत बोलिए।
बन ने कहा कि उन्होंने संजय राऊत की ओर से मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र के बाद सही स्थिति जानने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि यह स्थान वास्तव में एटापल्ली तालुका के मल्लमपफी में है और खदान से लगभग चार किलोमीटर दूर स्थित है। वास्तव में यह प्रदूषण नहीं है, बल्कि अधिक लौह तत्व वाले क्षेत्रों में ऐसी स्थिति सामान्य होती है। जब मिट्टी में लौह तत्व की मात्रा अधिक होती है और वह पानी के संपर्क में आती है, तो पानी का रंग लाल हो जाता है। भारत में ओडिशा, झारखंड, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, गोवा और महाराष्ट्र के गडचिरोली तथा रत्नागिरी क्षेत्रों में इस प्रकार की मिट्टी पाई जाती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

