मीरा भायंदर में नगरसेवक पर यौन शोषण का मामला दर्ज
मुंबई, 21 अप्रैल (हि.स.)। महाराष्ट्र के मुंबई से सटे मीरा भायंदर के नगरसेवक लक्ष्मण जंगम पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण का मामला मीरा रोड पुलिस स्टेशन में मंगलवार को दर्ज किया गया है। इस मामले की गहन छानबीन मीरा रोड पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने आज बताया कि नगरसेवक लक्ष्मण जंगम ने मीरा-भायंदर में रहने वाली एक महिला को अपने कार्यालय में बुलाया और उसे शादी करने का झांसा दिया। इसके बाद पीडि़त महिला को उसकी मर्जी के विरुद्ध कार्यालय और लॉज में ले जाकर उसके साथ यौन शोषण किया। इसके बाद नगरसेवक ने पीडि़त महिला को टालना शुरु कर दिया। इससे परेशान होकर पीडि़त महिला ने पुलिस स्टेशन में नगरसेवक के विरुद्ध केस दर्ज करवाया है। इस मामले की गहन छानबीन की जा रही है, अभी तक नगरसेवक को गिरफ्तार नहीं किया गया है ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

