home page

भिवंडी में महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म, पूर्व विधायक समेत दो के खिलाफ मामला दर्ज

 | 

मुंबई, 17 सितंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी में 24 वर्षीय शादीशुदा महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने के मामले में पडघा पुलिस स्टेशन में गुरुवार को मामला दर्ज किया गया। इस मामले में महिला को मदद के बहाने बुलाकर हथियार के बल पर धमकाने, शराब पिलाने और सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया गया है।

इस मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने आज बताया कि इस मामले में पीडि़ता का उसके पति के साथ विवाद चल रहा था। इस विवाद को सुलझाने के लिए पूर्व विधायक नरेंद्र पवार ने पीडि़ता को अपने कार्यालय में बुलाया। इसके बाद 13 सितंबर को पवार और पुलिस विभाग के निलंबित अधिकारी शैलेश पाटिल उसे भिवंडी तहसील के बापगांव स्थित फार्महाउस पर ले गए। शिकायत के अनुसार, वहां हथियार दिखाकर उसे धमकाया गया और शराब पिलाने के बाद उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि रात करीब 2 बजे नरेंद्र पवार के वहां से जाने के बाद शैलेश पाटिल ने भी महिला के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद सुबह करीब 4 बजे शैलेश पाटिल के घर का केयरटेकर महिला को उसके घर छोडक़र आया।

इस घटना के बाद डरी हुई महिला ने 16 सितंबर को पार्षद कंचन कुलकर्णी से संपर्क कर मदद मांगी। महिला ने कथित तौर पर कुलकर्णी को बताया कि नरेंद्र पवार और शैलेश पाटिल ने उसके साथ दुष्कर्म किया है। उसने अपने पास घटना से संबंधित वीडियो और व्हाट्सएप चैट होने का भी दावा किया। इसके बाद कंचन कुलकर्णी महिला को रात में पडघा पुलिस स्टेशन लेकर पहुंचीं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ गैंगरेप समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।

कुलकर्णी ने कहा कि यह घटना गंभीर और निंदनीय है। उन्होंने पुलिस से दोनों आरोपिताें को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 48 घंटे के भीतर गिरफ्तारी नहीं हुई, तो महिलाओं के साथ मिलकर पडघा पुलिस स्टेशन के बाहर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इस मामले में पड़घा पुलिस व्हाट्सएप चैट और पीडि़ता की ओर से लगाए गए आरोपों की गहन छानबीन कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव