home page

रायगढ़ किले में युवक ने दी जान, 800 फीट गहरी खाई में मिली लाश

 | 

मुंबई, 04 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के रायगढ़ किले में घूमने आए ठाणे के 37 वर्षीय युवक ने रविवार को खाई में कूदकर आत्महत्या कर ली। युवक की लाश किले के टकमक चोटी के नीचे करीब 800 फीट गहरी खाई से बरामद की गई। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। महाड तहसील पुलिस स्टेशन की टीम मामले की जांच कर रही है।

इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान सुयोग पांचाल के रूप में की गई है। सुयोग रायगढ़ किला घूमने आया था। उसने परिवार को फोन कर आत्महत्या करने की बात बताई और इसके बाद अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया। परिवार के लोग उसकी तलाश में जुट गए। उसके भाई सुवेल पांचाल ने रायगढ़ किले के नीचे उसकी मोटरसाइकिल खड़ी देखी और महाड तालुका पुलिस को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलने के बाद पुलिस, रेस्क्यू टीम और स्थानीय लोगों ने युवक की तलाश शुरू की। रविवार सुबह ड्रोन की मदद से की जा रही तलाशी के दौरान टकमक चोटी के नीचे निजामपुर की दिशा में करीब 800 फीट गहरी खाई में युवक का शव दिखाई दिया। गहरी खाई, घनी झाडिय़ों और ढलान के कारण शव को बाहर निकालना रेस्क्यू टीम के लिए चुनौतीपूर्ण रहा। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से शव को खाई से बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव