home page

रायगढ़ की केमिकल फैक्टरी में जोरदार धमाका, चार गंभीर घायल

 | 

मुंबई, 28 सितंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के महाड एमआईडीसी स्थित सिनर्जिया केमिकल फैक्टरी में सोमवार को जोरदार धमाके से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को महाड ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना की छानबीन महाड पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।

इस घटना की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि आज सुबह सिनर्जिया केमिकल इंडस्ट्रीज फैक्टरी में पैरा नाइट्रो टोल्यून ऑर्थो सल्फोनिक एसिड के उत्पादन के दौरान रिएक्टर टैंक में अचानक विस्फोट हो गया। धमाके के बाद कंपनी परिसर में आग लग गई और धुएं का बड़ा गुबार उठने लगा। विस्फोट इतना जोरदार था कि इसके झटके कंपनी से करीब चार से पांच किलोमीटर दूर तक महसूस किए गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ओलियम और सल्फर के रिएक्शन के दौरान यह घटना हुई।

घटना के बाद आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया। इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल, मेडिकल टीम और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग और स्थिति पर काबू पाया गया। इस घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल महाड ग्रामीण अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस और औद्योगिक सुरक्षा विभाग की टीम ने घटना की जांच शुरू कर दी है। विस्फोट का वास्तविक कारण क्या था, रिएक्टर या बॉयलर में तकनीकी खराबी थी या किसी अन्य वजह से हादसा हुआ, इसकी जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव