रायगढ़ जिले में तेज रफ्तार कार पलटी, पवई आईआईटी के तीन छात्रों की मौत
मुंबई, 19 मार्च (हि.स.)। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के कलंबोली में मुंबई-पुणे हाइवे पर गुरुवार को सुबह एक तेज़ रफ़्तार कार पलट जाने से पवई आईआईटी के तीन लोगों की मौत हो गई। इस घटना में एक छात्र घायल हो गया। उसका इलाज एमजीएम अस्पताल में हो रहा है। इस घटना की छानबीन हाइवे पुलिस कर रही है।
इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि पवई आईआईटी के छह छात्र लोनावाला घुमने गए थे। आज सुबह सभी छह छात्र दो कारों से लोनावाला से मुंबई की ओर आ रहे थे। इनमें से एक कार, जिसमें चार छात्र सवार थे, मुंबई -पुणे हाईवे पर कलंबोली के पास तेज रफ्तार होने की वजह से अनियंत्रित हो गई और पलट गई। इस घटना में ओमकुमार बोरसे (23), ले (20) और श्रेयांश शर्मा (22) की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में मारे गए तीनों लोगों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए खालापुर के सरकारी हॉस्पिटल भेज दिया गया है। घटना में घायल छात्र की हालत गंभीर बताई जा रही है।
महाराष्ट्र हाइवे पुलिस के अतिरिक्त अधीक्षक तानाजी चिकले ने कहा, पहली नजऱ में, यह तेज़ रफ़्तारी का मामला लग रहा है। गाड़ी पलट गई, जिससे जानलेवा चोटें आईं। घटना की छानबीन की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

