home page

मछुआरों को रियायती दरों पर गोदाम उपलब्ध कराने के लिए नीति बनाई जाए: राहुल नार्वेकर

 | 

मुंबई, 14 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष एडवोकेट राहुल नार्वेकर ने बुधवार को कहा कि मुंबई पोर्ट ट्रस्ट की जमीन केंद्र सरकार से राज्य सरकार को सरकारी दरों पर हस्तांतरित कर मछुआरों को रियायती दरों पर गोदाम उपलब्ध कराने के लिए सब्सिडी का विकल्प अपनाया जाएगा। इसके लिए मौजूदा गोदाम मालिकों से जानकारी लेकर प्राथमिकताएं तय की जाएं और एक ठोस नीति एवं प्रस्ताव तैयार किया जाए।

विधान भवन में विधानसभा अध्यक्ष के कक्ष में ससून डॉक और वहां के मछुआरा संगठनों की समस्याओं को लेकर आयोजित बैठक में नार्वेकर ने यह बात कही। नार्वेकर ने कहा कि मुंबई पोर्ट ट्रस्ट द्वारा निजी और सरकारी संस्थाओं के लिए जमीन के किराए की दरें अलग-अलग निर्धारित की गई हैं। ऐसे में राज्य सरकार को केंद्र से सरकारी दरों पर जमीन हस्तांतरित कराने के बाद मछुआरों को रियायती दरों पर जमीन और गोदाम उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी लेनी चाहिए। इस संबंध में तैयार की जाने वाली नीति की डेढ़ महीने के भीतर समीक्षा की जाएगी। उन्होंने ससून डॉक में आइस फैक्टरी, जल शुद्धिकरण परियोजना, सीवेज व्यवस्था, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट तथा पानी और डीजल आपूर्ति चैनल सहित विभिन्न विकास कार्यों के लिए एकीकृत योजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही, अधूरे कार्यों, बंद सुविधाओं और अनुपयोगी मशीनरी के कारण सरकारी धन की बर्बादी रोकने पर भी जोर दिया। नार्वेकर ने कहा कि यदि जेट्टी के सामने उपलब्ध जगह के लगभग 25 से 30 प्रतिशत हिस्से का उपयोग आइस फैक्टरी के लिए किया जाता है, तो नावों की पार्किंग और डॉकिंग के लिए जगह कम हो जाएगी। इसलिए आइस फैक्टरी की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए उसके लिए वैकल्पिक स्थान तलाशने की संभावनाओं पर विचार किया जाना चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि ससून डॉक में नावों की डॉकिंग को प्राथमिकता दी जाए और स्थानीय मछुआरों की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों की योजना बनाई जाए, ताकि उपलब्ध सुविधाओं का प्रभावी उपयोग हो सके और मछुआरों को राहत मिल सके।

इस अवसर पर मत्स्य पालन एवं बंदरगाह विकास मंत्री नितेश राणे, मत्स्य पालन विभाग के सचिव एन. रामास्वामी, महाराष्ट्र समुद्री बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पी. प्रदीप, मत्स्य पालन आयुक्त भानुदास पलावे तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव