पुणे-सोलापुर हाइवे पर मिट्टी का ढेर ढहने से एक मजदूर की मौत
मुंबई, 30 अक्टूबर (हि.स.)। पुणे-सोलापुर नेशनल हाइवे पर इंदापुर तहसील के राजवाड़ी में शुक्रवार को निर्माण कार्य के दौरान मिट्टी की ढांग ढहने से एक मजदूर की मौत हो गई जबकि एक अन्य मजदूर घायल हो गया। घायल मजदूर का इलाज उपजिला अस्पताल में हो रहा है। इस घटना की छानबीन इंदापुर पुलिस कर रही है।
इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुणे-सोलापुर नेशनल हाइवे की सर्विस रोड पर पुल का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान पुल के पास मिट्टी का ढेर अचानक ढह गया और वहां कंक्रीट का काम कर रहे दोनों मजदूर मिट्टी के मलबे में दब गए थे। दोनों को पोकलेन और जेसीबी की मदद से उन्हें बाहर निकाला गया। लेकिन मशरफुल शेख (20) नामक मजदूर की मौत हो चुकी थी, दूसरे मजदूर अख्तर (20) घायल हो गए थे। अख्तर को उपचार के लिए इंदापुर के उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद राज्य के कृषि मंत्री दत्तात्रेय भरणे तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने हादसे को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि मामले की जांच की जाएगी और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

