महाराष्ट्र में अरेंज मैरेज से नाराज युवती ने मंगेतर को खाई में धकेला, मौत
मुंबई, 23 जून (हि.स.)। महाराष्ट्र के पुणे जिले के लोहगढ़ किले पर ट्रै किंग के दौरा अरेंज मैरेज से नाराज एक युवती के अपने मंगेतर की हत्या का सनसनीखेज मामला मंगलवार को सामने आया है। मामले में लोनावाला ग्रामीण पुलिस स्टेशन की टीम ने युवती और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है, आगे की छानबीन जारी है।
इस मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने आज बताया कि पुणे के एक जाने-माने उद्योगपति का बेटा केतन अग्रवाल अपने मंगेतर के साथ 18 जून को लोहगढ़ किले में ट्रेकिंग के लिए गए थे। इसी दौरान फोटो खिंचवाते समय केतन अग्रवाल का पैर फिसल गया और वह गहरी खाई में गिर गया था। इसकी जानकारी मिलने के बाद दूसरे दिन उसका शव खाई से निकाला गया। उस समय इस मामले को एक्सीडेंटल माना गया था। लेकिन बाद में इस मामले की गुत्थी सुलझी और लोनावला ग्रामीण पुलिस की जांच में ऐसे सबूत मिले जिनसे पता चला कि यह घटना जानबूझकर रची गई थी। मंगलवार को पुलिस ने इस मामले में केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सिया गोयल केतन अग्रवाल से शादी नहीं करना चाहती थी और वह अरेंज मैरिज के खिलाफ थी। जांचकर्ताओं का मानना है कि उसने केतन को रास्ते से हटाने के लिए अपने दोस्त के साथ मिलकर साजिश रची थी। अब तक की जांच में पता चला है कि लोहगढ़ किले में ट्रेकिंग के साथ अपना जन्मदिन मनाने के बहाने केतन को कथित तौर पर उस जगह बुलाया गया, जहां उसे एक गहरी खाई में धकेल दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। जांच चल रही है और पुलिस साजिश की पूरी जानकारी जुटाने और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

