पुणे के लोनावाला में रिसॉर्ट इलाके में भूस्खलन से दो लापता, सर्च ऑपरेशन जारी
मुंबई, 07 जुलाई (हि.स.)। पुणे जिले लोनावाला में स्थित रिसॉर्ट इलाके में मंगलवार को दोपहर में अचानक भूस्खलन से दो लोग लापता हो गए। इसकी सूचना मिलते ही जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन जारी कर दिया है।
पुणे जिला आपातकालीन विभाग के अधिकारी महाजन ने बताया कि आज लोनावाला के नॉर्थ पॉइंट और थ्री सिक्सटी रिसॉर्ट इलाके में अचानक जमीन धसकने की चौंकाने वाली घटना हुई। शुरुआती जानकारी सामने आ रही है कि इस हादसे में दो लोग मलबे में दबे हुए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन की राहत टीम तुरंत मौके पर पहुंची और युद्ध स्तर पर सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। लैंडस्लाइड हटाने और फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकालने की कोशिश की जा रही है। हालांकि अभी तक यहां लापता दोनों का कहीं पता नहीं चल सका है। इस घटना के बाद पुणे के डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट ने लोनावाला में टूरिस्ट स्पॉट पर सेक्शन 163 लगा दिया है।
उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र में सोमवार को पुणे के मावल सहित आठ जगहों पर जमीन धसकने की घटनाएं हुईं थी। इनमें मावल में हुई जमीन धसकने की घटना में तीन लोगों की मौत हो गई थी और तीन लोग घायल हो गए थे, जबकि पुणे-मुंबई हाई-वे पर भूस्खलन होने से तीन घर दब गए थे। इस घटना में तीन लोग घायल हुए थे, तीनों का इलाज पुणे के सरकारी अस्पताल में चल रहा है। मुंबई-पुणे हाईवे के इंट्री पाईंट पर भी कल जमीन धसकने की घटना हुई थी, जिससे हाईवे बंद हो गया था, लेकिन इंट्री पाईंट पर जमा जमीन धसकने के मलवे को हटा दिया, जिससे आज सुबह मुंबई-पुणे हाईवे फिर से शुरु किया जा सका है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

