पुणे के शिरूर में फायरिंग, युवक की मौत
मुंबई, 18 सितंबर (हि.स.)। पुणे जिले के शिरूर में स्थित लाटेअली अंबेडकर नगर इलाके में शुक्रवार को हुई फायरिंग में एक युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही शिरूर पुलिस स्टेशन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और युवक का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले की गहन छानबीन शिरुर पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस निरीक्षक विनोद पाटिल ने बताया कि आज सुबह ही अज्ञात लोगों ने एक युवक पर फायरिंग कर उसकी हत्या कर दी और आरोपित मौके से फरार हो गए। मृतक युवक की पहचान हरि गंगावणे के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, गोली लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जांच के दौरान घटनास्थल से कुछ खाली कारतूस बरामद हुए हैं, जिन्हें पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस अब गोलीबारी के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान का पता लगाने में जुटी है। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम भी अपना काम कर रही है। प्रारंभिक जांच में पुलिस पुराने विवाद या आपसी दुश्मनी समेत विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह और हमले में शामिल आरोपितों के बारे में अभी आधिकारिक तौर पर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस ने आरोपितों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें लगाई हैं। मामले की आगे की जांच के बाद ही हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और हमलावरों की पहचान स्पष्ट हो सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

