home page

पुणे में दादा की बंदूक से पोते की मौत का मामला हत्या निकला, 83 वर्षीय दादा गिरफ्तार

 | 

मुंबई, 06 अक्टूबर (हि.स.)। पुणे जिले के लोनावला में लाइसेंसी बंदूक से गलती से गोली चलने के कारण 31 वर्षीय युवक की मौत का मामला हत्या में बदल गया है। पुलिस ने इस मामले में मृतक के 83 वर्षीय दादा मोतीराम मराठे को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, जमीन और पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद के बाद युवक की गोली मारकर हत्या की गई। इस घटना की छानबीन लोणावाला शहर पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है। इस मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि घटना में मृतक की पहचान अभय माणिक मराठे के रूप में हुई है। वह लोनावला नगर निगम के पूर्व पार्षद माणिक मराठे का बेटा था। अभय 5 अक्टूबर को भुशी गांव स्थित होटल मोतीराम परिसर में मृत मिला था। उसके सीने में गोली लगी थी। परिवार ने शुरुआती तौर पर पुलिस को बताया था कि अभय अपने दादा की लाइसेंसी 12-बोर राइफल साफ कर रहा था, तभी अचानक गोली चल गई।

हालांकि, पुलिस को घटना की परिस्थितियां संदिग्ध लगीं। पोस्टमार्टम और घटनास्थल की जांच में भी दुर्घटना की थ्योरी पर सवाल उठे। गोली के घाव में नजदीक या सटाकर गोली चलने के सामान्य निशान नहीं मिले। घटनास्थल पर खून के धब्बे, अभय के गिरने की जगह और गोली चलने के कोण की जांच से भी पुलिस को शक हुआ कि घटना हथियार साफ करते समय हुई दुर्घटना नहीं थी। जांच के दौरान होटल के एक वेटर से पूछताछ में अभय और उसके दादा के बीच जमीन बेचने को लेकर विवाद की जानकारी सामने आई।

मोतीराम संपत्ति का एक हिस्सा बेचना चाहते थे जबकि अभय इसका विरोध कर रहा था। इसी विवाद के दौरान मोतीराम ने कथित तौर पर अभय पर गोली चला दी। जांच में यह भी सामने आया कि घटना को दुर्घटना का रूप देने के लिए शव को मूल स्थान से हटाया गया, राइफल को साफ कर दूसरी जगह रखा गया और परिसर के सीसीटीवी कैमरे हटा दिए गए। स्टाफ और मैनेजर को भी घटना की जानकारी पुलिस को नहीं देने के लिए कहा गया था। पुलिस ने हत्या और सबूत मिटाने समेत विभिन्न धाराओं में पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अन्य आरोपिताें की भूमिका की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव