पुणे फायरिंग मामले में शिवसेना शिंदे समूह का जिला अध्यक्ष गिरफ्तार, पिस्तौल ज़ब्त
मुंबई, 03 जुलाई (हि.स.)। पुणे जिले के बावधन पुलिस स्टेशन की सीमा में सुस-नांदे रोड पर पैराडाइज बिल्डिंग के सामने लहूजी माली के कंस्ट्रक्शन साइट पर फायरिंग मामले में पुलिस ने शुक्रवार को शिवसेना शिंदे समूह के जिला अध्यक्ष बालासाहेब चंदेरे को गिरफ्तार कर लिया है। बाधवन पुलिस स्टेशन की टीम ने आरोपित के पास से एक पिस्तौल और चार जिंदा कारतूस ज़ब्त किए हैं।
मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी के मुताबिक आरोपित चंदेरे और राहुल सरकार के बीच पिछले कुछ महीनों से जमीन विवाद चल रहा है। इसी विवाद की वजह से आरोपित अपने साथियों सहित घटनास्थल पर पहुंचा और अंधाधुंध फायरिंग कर मौके से फरार हो गया। हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ था।
चंदेरे की फायरिंग का एक वीडियो आज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे क्षेत्र में खलबली मच गई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फायरिंग का मामला बाधवन पुलिस स्टेशन में दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। घटना में शामिल अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

