home page

पुणे में दिनदहाड़े फायरिंग, कोई हताहत नहीं, तीन गिरफ्तार

 | 

मुंबई, 05 जून (हि.स.)। महाराष्ट्र के पुणे जिले के दोंड तहसील में स्थित पाटन में शुक्रवार को अज्ञात बदमाश देशी पिस्तौल से तीन राउंड फायरिंग कर फरार हो गए। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है और पुणे पुलिस ने तीन अज्ञात बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना की छानबीन जारी है।

इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को दोपहर में पाटन इलाके में दो समूहों के बीच विवाद हो गया था। इसी दौरान एक समूह के एक युवक ने अपनी जेब से देशी पिस्तौल निकालकर दूसरे समूह के लोगों पर चला दिया। लेकिन निशाना चूक जाने से इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। इस बीच गोली की आवाज सुनते ही स्थानीय नागरिक घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। इसे देख आरोपित भागकर गन्ने के एक खेत में छिप गए। इस घटना की सूचना मिलते ही पुणे पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और गन्ने के खेत से तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना में अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव