पुणे में दो महिलाओं की हत्या, आरोपित फरार
मुंबई, 29 सितंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के पुणे जिले के बारामती तहसील के शेरेवाड़ी गांव में बीती रात अज्ञात बदमाशों ने दो महिलाओं की हत्या कर दिया और फरार हो गए।
इस घटना की सूचना मिलते ही बारामती पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और दोनों शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले की छानबीन बारामती पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
इस घटना की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि इस घटना में मृतक महिलाओं की पहचान कृष्णाबाई लडकट और इंदुमती लडकट के रूप में की गई है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार दोनों महिलाएं घर में सो रही थीं, तभी अज्ञात आरोपित ने दोनों पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। दोनों के शव खून से लथपथ हालत में मिले। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया है। दोहरे हत्याकांड की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। घटना को लेकर इलाके में दहशत का माहौल है। हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य जानकारी के आधार पर पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

