पुणे के नसरापुर दुष्कर्म और हत्या मामले में मौत की सजा का फैसला 'न्याय की जीत' : मुख्यमंत्री
मुंबई, 29 जून (हि.स.)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को पुणे में हुए नसरापुर दुष्कर्म और हत्या मामले में जिला और सत्र न्यायालय का फैसले को न्याय की जीत बताया है। इस मामले में न्यायालय ने नसरापुर (भोर तालुका) में साढ़े तीन साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले में भीमराव कांबले को मौत की सज़ा सुनाई है।
अदालत के फैसले के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आज पत्रकारों को बताया, अदालत ने बहुत ही उचित फ़ैसला सुनाया है, जिससे पीडि़त परिवार को न्याय मिला है। ऐसे अमानवीय अपराध हमारे समाज में सुरक्षा की नींव को कमज़ोर करते हैं, इसलिए यह ज़रूरी है कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सज़ा मिले। मामले की गंभीरता और घटना के बाद जनता में हुए आक्रोश को देखते हुए मुख्यमंत्री ने फ़ास्ट-ट्रैक कानूनी प्रक्रिया के महत्व पर ज़ोर दिया। सज़ा सुनाए जाने के बाद, मुख्यमंत्री फडणवीस ने पुणे जिला पुलिस अधीक्षक और स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर एडवोकेट अजय मिसर को फ़ोन करके बधाई दी। उन्होंने उनकी बारीकी से की गई जांच और प्रभावी पैरवी की तारीफ़ की, जिसकी वजह से दोषी को सज़ा मिल सकी।
मुख्यमंत्री ने महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों के प्रति राज्य सरकार की 'ज़ीरो-टॉलरेंस' नीति को दोहराया। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि ऐसे जघन्य मामलों को पूरी तत्परता से निपटाया जाए और कानूनी व्यवस्था नागरिकों में सुरक्षा और भरोसे की भावना पैदा करने के लिए निर्णायक रूप से काम करे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

