पुणे में व्यापारी पर जानलेवा हमला, आरोपित फरार
मुंबई, 01 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के पुणे जिले के हवेली तहसील स्थित कोलवाड़ी में दो आरोपितों ने एक व्यापारी पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया और फरार हो गए। इस घटना में घायल व्यापारी का पुणे के निजी अस्पताल में इलाज हो रहा है। इस घटना की छानबीन लोणीकंद पुलिस स्टेशन की टीम सीसीटीवी कैमरे के सहयोग से कर रही है।
इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि इस हमले की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। घायल व्यापारी की पहचान सचिन लोणकर के रूप में हुई है। सचिन लोणकर बुधवार देर रात को अपने कार्यालय से निकलकर कार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गजानन गायकवाड़ और आकाश अडसुले धारदार हथियार लेकर उनके पीछे दौड़े और उन पर हमला कर दिया। हमले में लोणकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपितों ने उनकी कार में भी तोडफ़ोड़ की और फरार हो गए।
अब तक की जांच में पता चला है कि हमले से दो दिन पहले भी लोणकर से आरोपित गजानन गायकवाड़ ने कथित तौर पर चार से पांच लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। इस घटना के बाद लोणकर की शिकायत पर लोणीकंद पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपितों की भूमिका तथा फिरौती की मांग के पीछे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

