पुणे में दो वाहनों की टक्कर में तीन की मौत
मुंबई, 17 मार्च (हि.स.)। महाराष्ट्र के पुणे जिले में पुणे-सोलापुर नेशनल हाइवे पर मंगलवार को सुबह एक जीप और एक ट्रक की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई। इस घटना की छानबीन हाइवे पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि आज पुणे एमआईडी में काम करने वाले तीन लोगों को लेकर क्रुजर जीप इंदापुर तहसील के लोनी देवकर इलाके से गुजर रही थी। इसी दौरान अचानक क्रुजर जीप का टायर पंचर हो गया और वह अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करके सामने से आ रही ट्रक से टकरा गयी।
यह दुर्घटना इतनी भीषण थी कि इसमें क्रूजर जीप का अगला हिस्सा पूरी तरह से कुचल गया। इस घटना में जीप में सवार तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान प्रमोद बालासो खवाले (28), शशांक कोटिया (32) और विजय सिंह राजपूत (35) के रुप में की गई है।
घटना की सूचना मिलते ही हाइवे पुलिस स्टेशन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जीप में से तीनों का शव निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

