पुणे में राहगीरों को कुचलकर अज्ञात वाहन चालक फरार, तीन की मौत
मुंबई, 30 अक्टूबर (हि.स.)। पुणे जिले के शिरुर तहसील के आंबले गांव के पास में बीती रात सडक़ पर पैदल चल रहे चार लोगों को कुचलकर अज्ञात वाहन चालक फरार हो गया। इस घटना में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक घायल महिला का इलाज नजदीकी अस्पताल में हो रहा है। इस घटना की छानबीन शिरुर पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस घटना में मृतकों की पहचान कौशल्या वसंत ज़ेंडे (61), सोहम राजीव ज़ेंडे (13) और आरुषि दत्तात्रेय ज़ेंडे (11) के रुप में की गई है। जबकि इस घटना में घायल ज्योति राजीव झेंडे का इलाज नजदीकी अस्पताल में हो रहा है। यह सभी आंबले गांव के निवासी थे। ये लाेग गुरुवार को हरिनाम सप्ताह का कीर्तन सुनने गए थे।
सभी ने कार्यक्रम स्थल पर कीर्तन समाप्त होने के महाप्रसाद लिया और देर रात अपने घर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान आंबले गांव के पास केसरी होटल के सामने अज्ञात वाहन चालक ने इन चारों को पीछे से टक्कर मार कर फरार हो गया। इस घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल महिला का इलाज जारी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारी रवींद्र भोसले और शिरुर के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विनोद पाटिल ने घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फरार वाहन और चालक का पता लगाने तथा आगे की कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। फिलहाल पुलिस उपनिरीक्षक सागर शेल्के मामले की जांच कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

