छत्रपति संभाजीनगर में रिटायर्ड प्रोफेसर की हत्या करने वाले तीन गिरफ्तार
मुंबई, 16 मार्च (हि.स.)। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजी नगर में 40 दिन पहले रिटायर्ड प्रोफेसर की हत्या करने वाले तीन आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
उस्मानपुरा पुलिस स्टेशन की टीम ने आज गेवराई टांडा के जंगल में स्थित एक गड्ढे से प्रोफेसर के शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले की गहन छानबीन जारी है।
संभाजी नगर जिले के पुलिस अधीक्षक प्रवीण पवार ने सोमवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि इस घटना में मृतक रिटायर्ड प्रोफेसर राजाभाऊ लोंढे संभाजीनगर में अकेले रहते थे जबकि उनकी पत्नी और बच्चे पुणे में रहते थे। इस मामले में मुख्य आरोपित विशाल राठौड़ ने 'लव एंड डेयर' नाम का गेम शो और 'खतरों के खिलाड़ी' जैसे शो बनाने के बहाने राजाभाऊ लोंढे से करीब 50 लाख रुपये लिए थे। लेकिन शो का काम न होने से लोंढ़े विशाल राठौड से अपना पैसा मांगने लगे।
इसके बाद विशाल राठौड़ ने छह फरवरी को रिटायर्ड प्रोफेसर लोंढे को अपने दोस्तों के साथ पार्टी में ले गया और लोंढे को शराब पिलाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद सुनसान जगह पर ले जाकर लोंढे की ही पिस्तौल से उनके सिर में गोली मार दी थी। इसके बाद विशाल ने अपने दोस्तों के साथ लोंढ़े का शव गेवराई टांडा के जंगल में दफना दिया था।
काफी दिनों तक जब लोंढे नहीं दिखे तो उनके परिवार वालों को शक हुआ और परिवार वालों ने लोंढ़े के गायब होने की शिकायत उस्मानपुरा पुलिस स्टेशन में दर्ज करवाई थी। इस मामले की जांच करते हुए पुलिस ने विशाल राठौड़़ (24), आकाश पवार (32) और करण आड़े ( 22) को गिरफ्तार कर लिया है।
प्रवीण पवार ने बताया कि आरोपितों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है और उन्हीं द्वारा बताई जगह पर से लोंढ़े का शव भी आज बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की गहन छानबीन जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

