प्रशांत किशोर ने मुंबई में उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार से की मुलाकात
मुंबई, 06 अगस्त(हि.स.)। जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने गुरुवार को मुंबई स्थित देवगिरी बंगले में महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा एपी) के नेता पार्थ पवार से मुलाकात की।
इस मुलाकात को लेकर राजनीतिक चर्चा गरमा गई है। हालांकि इस बैठक की अधिकृत जानकारी दोनों तरफ के नेताओं ने मीडिया को नहीं दी। राकांपा सूत्रों ने बताया कि बैठक में महाराष्ट्र के बदलते राजनीतिक परिदृश्य और संभावित चुनावी समीकरणों पर भी विचार-विमर्श किया गया। साथ ही इस बैठक में राज्य में राकांपा की राजनीतिक रणनीति, संगठन के विस्तार और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की गई।
उल्लेखनीय है कि प्रशांत किशोर वर्तमान में जन सुराज पार्टी के संगठनात्मक विस्तार और उसे राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में स्थापित करने की दिशा में काम कर रहे हैं। चुनावी रणनीतिकार के रूप में उनका लंबा अनुभव रहा है और वे देश के कई प्रमुख चुनाव अभियानों से जुड़े रहे है।
पार्थ पवार, राकांपा एपी के दिवंगत अध्यक्ष अजित पवार के पुत्र हैं और महाराष्ट्र की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वहीं, सुनेत्रा पवार पार्टी की वरिष्ठ नेता होने के साथ-साथ राज्य की उपमुख्यमंत्री भी हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस तरह की मुलाकातें आगामी चुनावों से पहले विभिन्न दलों के बीच बढ़ते संवाद और संभावित राजनीतिक रणनीतियों के संदर्भ में महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

