मराठा आरक्षण से संबंधित सभी मांगों पर सरकार विचार करेगी : प्रसाद लाड
मुंबई, 22 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता प्रसाद लाड ने शुक्रवार को जालना जिले में कहा कि राज्य सरकार मराठा आरक्षण से सभी मांगों पर विचार करेगी और उनका जल्द से जल्द समाधान करेगी। लाड ने कहा कि वे इस संबंध में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से चर्चा करेंगे और इसकी जानकारी मराठा नेता मनोज जारांगे को देंगे।
भाजपा नेता प्रसाद लाड आज जालना जिले के अंतरवाली सराटी में जाकर मराठा नेता मनोज जारांगे से मुलाकात की। मनोज जारांगे ने मराठा आरक्षण के मुद्दे पर 30 मई से आमरण अनशन पर बैठने का ऐलान किया है। इसी वजह से आज प्रसाद लाड ने मनोज जारांगे से मुलाकात कर जारांगे को अपना अनशन स्थगित करने की मांग की। लेकिन मनोज जारांगे कहा कि उनकी मांगों पर विचार किया जाना और उन्हें लागू किया जाना जरुरी है।
मनोज जारांगे ने प्रसाद लाड के सामने सीधे आरोप लगाया कि मुंबई आंदोलन के दौरान किए गए वादे 8 महीने बाद भी पूरे नहीं हुए हैं। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मराठा समुदाय के साथ धोखा किया है। इसके बाद प्रसाद लाड ने मनोज जारांगे को कहा कि वे उनकी मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखेंगे और उन पर विचार करने को कहेंगे। इसके बाद वे खुद इस पर मुख्यमंत्री की प्रतिक्रिया मनोज जारांगे के साथ साझा करेंगे।
प्रसाद लाड ने कहा कि वे खुद मराठा हैं और मराठा समाज की मांगों को पूरा करने का वे खुद प्रयास करेंगे। प्रसाद लाड ने कहा कि राज्य सरकार पूरी तरह से मराठा समाज के साथ है, इसलिए मनोज जारांगे को फिर से अनशन करने की जरुरत नहीं पड़ेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

