पुणे में पुलिस अधिकारी ने सर्विस रिवॉल्वर से की आत्महत्या, पुलिस महकमे में हडक़ंप
मुंबई, 07 अक्टूबर (हि.स.)। पुणे शहर में बुधवार दोपहर में एक पुलिस अधिकारी द्वारा अपने घर में सर्विस रिवॉल्वर से गोली मारकर आत्महत्या किए जाने की घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मृतक की पहचान नीलेश भाऊसाहेब पाटिल के रूप में हुई। वह विश्रामबाग पुलिस स्टेशन में तैनात थे और औंध इलाके में रहते थे। इस घटना की छानबीन चतुश्रृंगी पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि पाटिल ने बुधवार दोपहर करीब तीन बजे अपने घर में खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई। सूचना मिलते ही चतुश्रृंगी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नीलेश पाटिल पिछले कुछ समय से गंभीर बीमारी से परेशान थे। आशंका है कि बीमारी के चलते वह मानसिक तनाव और अवसाद में थे। इसी वजह से उन्होंने यह कदम उठाया। हालांकि, आत्महत्या के वास्तविक कारणों की पुलिस जांच कर रही है।
नीलेश पाटिल ने पुणे शहर के विश्रामबाग समेत अन्य प्रमुख पुलिस थानों में भी अपनी सेवाएं दी थीं। उनके परिवार में पत्नी और एक बेटा है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुणे सिटी पुलिस ने घटना पर दुख जताया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

