अमरावती जिला पुलिस मुख्यालय में जवान ने गोली मारकर की आत्महत्या
मुंबई, 26 मार्च (हि.स.)। महाराष्ट्र के अमरावती जिला पुलिस मुख्यालय में गुरुवार को सुबह एक पुलिस जवान ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर लिया। इस घटना की छानबीन पुलिस कर रही है, लेकिन अभी तक आत्महत्या के कारणों का पता नहीं लग सका है।
इस घटना की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि आत्महत्या करने वाले जवान का नाम विजय नागपुरे है और वह अमरावती सिटी पुलिस कमिश्नरेट के तहत रैपिड एक्शन फोर्स स्क्वॉड में तैनात था। आज सुबह करीब 9.30 बजे रैपिड एक्शन फोर्स स्क्वाड के कार्यालय में ही अपनी पिस्तौल से खुद को गोली मार लिया। ऑफिस में गोली चलने की आवाज सुनते ही दूसरे पुलिसकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे और घायलावस्था में जवान विजय नागपुरे को नजदीकी अस्पताल में पहुंचाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने नागपुरे को मृत घोषित कर दिया। अमरावती शहर पुलिस स्टेशन में आत्महत्या का मामला दर्ज किया गया है और मामले की आगे की छानबीन जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

