home page

वसई में नामी दूध कंपनी के नकली पैकेट बनाने वाली फैक्टरी पर पुलिस का छापा, ४ गिरफ्तार

 | 

मुंबई, 11 अगस्त, (हि.स.)। मुंबई क्राइम ब्रांच ने वसई के वालीव फाटा में लक्ष्मी इंडस्ट्रियल इस्टेट के सामने एक जानी-मानी दूध कंपनी के नाम का दुरुपयोग कर नकली दूध की थैलियां बनाने वाली फैक्टरी में छापा मारकर करीब 13,000 नकली खाली पैकेट, मशीनरी, प्लास्टिक सामग्री समेत अन्य सामान जब्त किया है। इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मामले की छानबीन मुंबई क्राइम ब्रांच पुलिस कर रही है।

मुंबई क्राइम ब्रांच पुलिस के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संदीप येडे-पाटिल ने आज बताया कि क्राइम ब्रांच सेल-12 ने 9 जुलाई को दहिसर ईस्ट के दुबे चॉल स्थित राजेश कंपाउंड में छापा मारा था। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपित नामी कंपनियों के असली दूध के पैकेटों में गंदा पानी मिलाकर उन्हें दोबारा सील कर रहे थे। कार्रवाई में मिलावटी दूध, दूध में मिलावट के लिए इस्तेमाल होने वाले उपकरण और नकली पैकेट बरामद किए गए थे। पूछताछ के दौरान पुलिस को मामले के मुख्य आरोपित के बारे में जानकारी मिली, जिसके बाद उसे तेलंगाना से गिरफ्तार किया गया।

मुख्य आरोपित से पूछताछ में वसई ईस्ट के वालिव फाटा स्थित उस फैक्टरी का पता चला, जहां कथित तौर पर नकली दूध के पैकेट तैयार किए जा रहे थे। इसके बाद पुलिस टीम ने फैक्टरी पर कार्रवाई कर उसे ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 29,750 रुपये कीमत का 470 लीटर दूध, करीब 13,000 नकली खाली पैकेट, प्लास्टिक सामग्री और मशीनरी बरामद की। इसके अलावा करीब 10.79 लाख रुपये कीमत के चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। इस मामले में तेलंगाना के रामुलु गुरुवर्या बोडुपल्ली (65), लिंगया भीक्षमाया गंटा (42), सैदुलु यादया जंगिली (33) और यादया चंद्रया बटुल्ला (46) को गिरफ्तार किया गया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपित 2021 से मुंबई और आसपास के इलाकों में नकली दूध के पैकेट बेचने के कारोबार में शामिल था। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और इस नेटवर्क के जरिए कितने इलाकों में मिलावटी दूध की सप्लाई की गई, इसकी जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव