ठाणे में पुलिसकर्मी की हत्या का आरोपित गिरफ्तार
मुंबई, 25 सितंबर (हि.स.)। ठाणे शहर में रात की गश्त के दौरान पुलिस उपनिरीक्षक किसन भोईर की हत्या करने वाले आरोपित राजू वाल्मिकी को चितलसर पुलिस स्टेशन की टीम ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले की गहन छानबीन चितलसर पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने आज बताया कि चितलसर-मानपाड़ा पुलिस थाने में तैनात पुलिस उप निरीक्षक किसन भोईर रात के समय अपने क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि इलाके में कुछ शराब की दुकानें देर रात तक कथित तौर पर अवैध रूप से चल रही हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम संबंधित स्थान पर पहुंची। मौके पर राजू वाल्मिकी सार्वजनिक स्थान पर शराब पीता हुआ मिला। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की और आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस वाहन में बैठने को कहा। इसी दौरान आरोपित ने पुलिस उप निरीक्षक किसन भोईर पर जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में घायल किसन भोईर को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन डॉक्टरों ने किसन को मृत घोषित कर दिया। इस मामले में आज पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की छानबीन कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

