home page

पेशवा व्हीट लिमिटेड का 53.52 करोड़ रुपये का आईपीओ 24 सितंबर को खुलेगा

 | 
पेशवा व्हीट लिमिटेड का 53.52 करोड़ रुपये का आईपीओ 24 सितंबर को खुलेगा


मुंबई, 21 सितंबर (हि.स.)। गेहूं आधारित उत्पादों के प्रसंस्करण के कारोबार में सक्रिय पेशवा व्हीट लिमिटेड का प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) 24 सितंबर को खुलेगा और 28 सितंबर को बंद होगा। कंपनी के इक्विटी शेयरों को बीएसई एसएमई प्लेटफॉर्म पर सूचीबद्ध करने का प्रस्ताव है और संभावित लिस्टिंग तिथि 1 अक्टूबर 2026 तय की गई है।

पेशवा व्हीट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक राहत अली सय्यद ने सोमवार को पत्रकारों को देते हुए बताया कि आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 95 से 101 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। इश्यू में 10 रुपये अंकित मूल्य वाले कुल 52.99 लाख इक्विटी शेयर शामिल हैं। ऊपरी मूल्य दायरे पर इश्यू का आकार 53.52 करोड़ रुपये है। आईपीओ से प्राप्त राशि में से 6.69 करोड़ रुपये प्लांट एवं मशीनरी की खरीद पर पूंजीगत व्यय, 5.01 करोड़ रुपये सिविल निर्माण संबंधी पूंजीगत व्यय और 26.50 करोड़ रुपये कार्यशील पूंजी की जरूरतों के लिए इस्तेमाल किए जाएंगे। शेष राशि का उपयोग सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।

आईपीओ में एक आवेदन के लिए लॉट साइज 1,200 शेयर निर्धारित किया गया है। ऊपरी मूल्य दायरे के आधार पर खुदरा निवेशकों के लिए न्यूनतम निवेश 2,42,400 रुपये होगा। वहीं, एचएनआई निवेशकों के लिए न्यूनतम आवेदन 3 लॉट यानी 3,600 शेयरों का होगा, जिसकी कुल राशि 3,63,600 रुपये है।

कंपनी के प्रबंध निदेशक राहत अली सय्यद ने कहा कि आईपीओ कंपनी की विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है और इससे विस्तार के अगले चरण के लिए वित्तीय क्षमता मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि आईपीओ से जुटाई गई पूंजी का इस्तेमाल प्लांट एवं मशीनरी, सिविल इंफ्रास्ट्रक्चर और कार्यशील पूंजी में किया जाएगा। इससे कंपनी की परिचालन क्षमता बढ़ाने, उत्पादन क्षमता के बेहतर उपयोग और प्रमुख बाजारों में उपस्थिति मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है। सय्यद ने कहा कि बढ़ते बी२बी ग्राहक आधार और एकीकृत प्रसंस्करण संयंत्र के साथ कंपनी का फोकस एक विस्तार योग्य और कुशल कारोबार विकसित करने पर है। उनके अनुसार, लिस्टिंग से कंपनी की दृश्यता और विश्वसनीयता बढऩे के साथ दीर्घकालिक विकास के अवसरों को आगे बढ़ाने की क्षमता भी मजबूत होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव