पालघर जिले में बच्चे पर जानलेवा हमला करने वाला रिक्शा चालक गिरफ्तार
मुंबई, 31 मार्च (हि.स.)। महाराष्ट्र के पालघर जिले के वसई इलाके में एक मामूली विवाद का बदला लेने के लिए चार साल के मासूम बच्चे पर बेरहमी से जानलेवा हमला करने वाले रिक्शा चालक को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना में घायल बच्चे का इलाज मीरा रोड के वोकहार्ड अस्पताल में जारी है।
इस घटना की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि इस घटना में आरोपित और पीडि़त दोनों वसई के अनुपम घर संकुल सोसाइटी में रहते हैं। इस सोसाइटी में रहने वाले अतुल कोंढारे का उसी सोसाइटी में रहने वाले रिक्शा ड्राइवर संदीप पवार से कुछ दिन पहले मामूली विवाद हुआ था। इसी विवाद की वजह से संदीप पवार गुस्से में था।
सोमवार शाम करीब साढ़े सात बजे सोसाइटी में बच्चे खेल रहे थे, जिनमें अतुल का चार साल का बेटा विघ्नेश भी शामिल था। खेलते-खेलते वह एक रिक्शा में बैठ गया। इसी दौरान आरोपित संदीप वहां पहुंचा और अन्य बच्चों को भगा दिया और मासूम विघ्नेश को पकडक़र उसका सिर रिक्शा के लोहे के एंगल से दे मारा। इतना ही नहीं, उसने बच्चे को पैर पकडक़र खींचा और हवा में उछालकर जमीन पर पटक दिया।
इस घटना के बाद तत्काल बच्चे को नजदीकी अस्पताल में ले जाया गया तो उसने खून की उल्टी की। आज बच्चे को मीरा रोड के वोकहार्ड अस्पताल में शिफ्ट किया गया है, जहां बच्चे का इलाज जारी है। वसई पुलिस ने आरोपित संदीप पवार को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन संदीप को इसका कोई पछतावा नहीं है। संदीप का कहना है कि उसने अपना बदला ले लिया है। इस मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

