home page

महाराष्ट्र के पालघर में 3.5 तीव्रता के भूकंप झटके, कोई हताहत नहीं

 | 

मुंबई, 28 जुलाई, (हि.स.)। महाराष्ट्र के पालघर जिले में स्थित दहाणू इलाके में मंगलवार को दोपहर में भूकंप के झटकों से लोगों में भय का माहौल फैल गया। इस भूकंप की तीव्रता 3.5 रिक्टर स्केल मापी गई है। हालांकि, राहत की बात यह है कि अब तक किसी के हताहत होने या संपत्ति के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है।

पालघर जिला प्रशासन के अनुसार आज भूकंप दोपहर 1.09 बजे आया और इसका केंद्र पाटिलपाड़ा गांव में स्थित था। भूकंप के झटके महसूस होते ही आपदा प्रबंधन और राजस्व विभाग की टीमें सक्रिय हो गईं तथा प्रभावित क्षेत्रों की निगरानी शुरू कर दी गई।

जिला आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख विवेकानंद कदम ने बताया कि फिलहाल किसी प्रकार के नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा गया है।

इससे पहले 25 जुलाई को भी पालघर जिले में 3.1 तीव्रता का हल्का भूकंप आया था। लगातार दूसरी बार आए झटकों के बाद जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। पालघर जिले के दहानू और तलासरी क्षेत्रों में पिछले कुछ वर्षों से समय-समय पर कम तीव्रता के भूकंप दर्ज होते रहे हैं। हाल के महीनों में भूकंपीय गतिविधियां अपेक्षाकृत कम थीं, लेकिन कम अंतराल में आए इन दो झटकों ने प्रशासन को सतर्क कर दिया है।

जिला प्रशासन ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है। यदि आगे किसी प्रकार की भूकंपीय गतिविधि दर्ज होती है, तो आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जाएंगे और स्थानीय नागरिकों को समय-समय पर आवश्यक सलाह जारी की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव