home page

पालघर में 3.7 तीव्रता का भूकंप, कोई नुकसान नहीं

 | 

मुंबई, 08 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के पालघर जिले में गुरुवार शाम को भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.7 मापी गई। भूकंप से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। जिला प्रशासन की टीम मौके पर सर्वेक्षण कर रही हैं।

एनसीएस के अधिकारी ने पत्रकारों को बताया कि भूकंप शाम 7 बजकर 16 मिनट 20 सेकेंड पर आया। इसका केंद्र अक्षांश 20.109 और देशांतर 72.948 पर जमीन से सात किलोमीटर की गहराई में स्थित था। भूकंप का केंद्र महाराष्ट्र के नासिक से करीब 88 किलोमीटर पश्चिम में बताया गया है। भूकंप के झटके पालघर और आसपास के कुछ इलाकों में महसूस किए गए। कम तीव्रता के कारण किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है। स्थानीय प्रशासन ने भी स्थिति सामान्य होने की जानकारी दी है। विशेषज्ञों के अनुसार, 3 से 4 तीव्रता के भूकंप को सामान्यत: हल्की श्रेणी में रखा जाता है। ऐसे भूकंप के झटके महसूस हो सकते हैं, लेकिन आमतौर पर इससे बड़े नुकसान की आशंका कम रहती है।

पालघर और नासिक क्षेत्र में इससे पहले भी हल्की भूकंपीय गतिविधियां दर्ज की गई हैं। एनसीएस क्षेत्र में भूकंपीय गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। प्रशासन ने लोगों से घबराने और अफवाहों पर ध्यान देने के बजाय किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव